चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग ने 12 जून तक प्रदेश में मौसम शुष्क और गर्म बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
8 से 10 जून तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक 8 जून से 10 जून तक प्रदेशभर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है और दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान करेगी।
11 जून के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज
हालांकि 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। विभाग के अनुसार 11 से 13 जून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं बिजली चमकने, धूलभरी आंधी आने और मौसम में आंशिक बदलाव की संभावना भी जताई गई है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।